केन-बेतवा लिंक परियोजना फेज- 2 के अंतर्गत कोठा बैराज वृहद सिंचाई परियोजना का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। परियोजना के तहत वर्ष 2026 में कोठा बैराज में प्रथम चरण का जल संग्रहण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कोठा बैराज परियोजना क्रियान्वयन इकाई गंजबासौदा के परियोजना प्रशासक श्री विनोद कुमार शर्मा के द्वारा जारी

सार्वजनिक सूचना के अनुसार, वर्ष 2026 में बैराज में आरएल 390 मीटर की ऊंचाई तक जल संग्रहण किया जाएगा। इस स्तर पर बैराज की कुल क्षमता के लगभग एक-चौथाई अर्थात 17.38 गीगाघन मीटर (घन मीटर के अरब) पानी का संग्रहण किया जाना प्रस्तावित है।

अधिग्रहित भूमि की परिसंपत्तियां तत्काल हटाने की अपील

जल संग्रहण की प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए परियोजना से प्रभावित एवं अधिग्रहित भूमि के स्वामियों तथा जन सामान्य से अनुरोध किया गया है कि अधिग्रहित भूमि की सीमा रेखा के भीतर स्थित अपनी परिसंपत्तियों को तत्काल प्रभाव से स्वयं के व्यय पर हटा लें।

सूचना के माध्यम से स्पष्ट किया गया है कि परिसंपत्तियों को समय रहते हटाने का उद्देश्य उन्हें आगामी जल भराव के कारण होने वाली संभावित क्षति से बचाना है। संबंधित लोग अपने भवन, संरचनाएं, सामग्री एवं अन्य परिसंपत्तियों को जल भराव क्षेत्र से सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर लें।

जल भराव के बाद क्षति के दावों पर नहीं होगी विचार

सार्वजनिक सूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित स्तर तक जल भराव हो जाने के बाद यदि किसी परिसंपत्ति को क्षति पहुंचती है, तो उससे संबंधित दावे अथवा आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी तथा उन्हें खारिज माना जाएगा।

इसलिए परियोजना से प्रभावित लोगों से पुनः अपील की गई है कि वे बिना विलंब अपनी परिसंपत्तियों को अधिग्रहित भूमि की सीमा से बाहर सुरक्षित स्थान पर हटा लें, ताकि जल भराव के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति अथवा संपत्ति की क्षति से बचा जा सके।

अधिक जानकारी अथवा किसी प्रकार की जानकारी के लिए संबंधित कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 07594-222942 पर संपर्क किया जा सकता है।