मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आज सिरोंज स्थित आजीविका भवन में उद्यम संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने सहभागिता कर सिरोंज तहसील क्षेत्र के उद्यमियों, युवाओं, महिलाओं एवं स्वसहायता समूहों से जुड़े सदस्यों से संवाद किया और उनके अनुभवों एवं कार्यों की जानकारी ली।

कलेक्टर श्री गुप्ता ने सफल उद्यमियों से उनके व्यवसाय की शुरुआत, सामने आई चुनौतियों और सफलता के अनुभवों के बारे में चर्चा की। उन्होंने उपस्थित युवाओं एवं महिलाओं से कहा कि सफल उद्यमियों के अनुभवों से प्रेरणा लेकर अपनी रुचि, क्षमता और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा विभिन्न वर्गों के लिए अनेक स्वरोजगार एवं आर्थिक कल्याण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। युवा एवं महिलाएं इन योजनाओं का लाभ लेकर अपने लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के साथ ही अन्य लोगों को भी रोजगार से जोड़ सकते हैं। उन्होंने अपील की कि अधिक से अधिक युवा और महिलाएं स्वरोजगार की दिशा में आगे आएं तथा अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाकर आत्मनिर्भर बनने का प्रयास करें। कलेक्टर ने कहा कि सफल उद्यमियों के अनुभव अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सकते हैं। आवश्यकता है कि युवा अपनी रुचि और क्षमता को पहचानकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं और रोजगार मांगने वाले बनने के बजाय रोजगार देने वाले बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं।

कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सिरोंज, नगरपालिका अध्यक्ष श्री मनमोहन साहू, जनप्रतिनिधिगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। संवाद कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, स्वसहायता समूहों से जुड़ी उद्यमियों तथा विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों में सफलतापूर्वक कार्य कर रहे उद्यमियों ने सहभागिता की और अपने अनुभव साझा किए।

महिला उद्यमियों ने साझा किए सफलता के अनुभव

श्रीमती लीलाबाई जाटव ने बताया — स्व सहायता समूह से जुड़कर बदली परिवार की आर्थिक स्थिति -

जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम में महिला उद्यमी श्रीमती लीलाबाई जाटव ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उन्होंने कक्षा आठवीं तक शिक्षा प्राप्त की है और आजीविका मिशन के स्व सहायता समूह से जुड़कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में सफलता हासिल की है। श्रीमती लीलाबाई ने बताया कि स्व सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने घर से ही छोटी सी किराना दुकान शुरू की। इसके बाद सीसीएल ऋण के माध्यम से दोबारा ऋण प्राप्त कर उन्होंने अपनी दुकान का विस्तार किया। वर्तमान में वह एक बड़ी किराना दुकान संचालित कर रही हैं। इसके साथ ही सिलाई का कार्य भी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि दोनों व्यवसायों से उन्हें प्रतिमाह लगभग 20 से 22 हजार रुपये की आय प्राप्त हो रही है। इससे परिवार के दैनिक खर्चों को पूरा करने में काफी मदद मिल रही है। आर्थिक स्थिति में सुधार के साथ उनके बच्चों को भी बेहतर स्कूलों में शिक्षा दिलाने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि स्व सहायता समूह से जुड़ना उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम बना है।

श्रीमती रामबाई जाटव ने साझा की आत्मनिर्भर बनने की कहानी -

उद्यम संवाद कार्यक्रम में ग्राम चौड़ा खेड़ी की महिला उद्यमी एवं हितग्राही श्रीमती रामबाई जाटव ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि एक समय उनके पास आय का कोई स्थायी साधन नहीं था। स्व सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने न केवल स्वयं आर्थिक गतिविधियां शुरू कीं, बल्कि अन्य महिलाओं को भी समूह से जोड़ने का कार्य किया।

श्रीमती रामबाई ने बताया कि उन्होंने क्रमशः 10 हजार, 20 हजार, 50 हजार, 1 लाख और 2 लाख रुपये तक के ऋण प्राप्त किए। इन ऋणों का उपयोग करते हुए उन्होंने मुर्गी पालन, बकरी पालन और किराना दुकान का व्यवसाय शुरू किया। वर्तमान में वह मुर्गी एवं बकरी पालन के साथ-साथ किराना दुकान का संचालन भी कर रही हैं। इन गतिविधियों से उन्हें अच्छी आय प्राप्त हो रही है और वह अपने परिवार के खर्चों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने बताया कि स्व सहायता समूह और ऋण सुविधा के माध्यम से उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।

कपिल रजक: पीएम स्व निधि योजना अंतर्गत लाभान्वित सिरोंज क्षेत्र के हितग्राही श्री कपिल रजक ने भी उद्यम संवाद कार्यक्रम में अपने अनुभव सांझा किये उन्होंने कहा कि पीएम स्व निधि स्वरोजगार के लिए बेहतर योजना है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने घर में इलेक्ट्रीशियन से संबंधित कार्य की छोटी सी दुकान शुरू की थी इसके लिए उन्होंने पहले 10000 का ऋण प्राप्त किया था जिसे जमा करने के बाद उन्हें 20000 का ऋण प्राप्त हुआ इसके उपरांत उन्होंने 20000 का ऋण भी जमा कर दिया अब उन्होंने 50000 रुपए के ऋण के लिए आवेदन किया है वह बताते हैं की योजना तहत मिली राशि से उनकी छोटी सी दुकान के व्यवसाय को आगे बढ़ाने में बहुत मदद मिली है उन्होंने अन्य युवाओं से भी पीएम स्व निधि योजना का लाभ लेकर स्वरोजगार की तरफ अग्रसर होने का आव्हान किया।

कपिल ने साझा किया पीएम स्वनिधि योजना से आत्मनिर्भर बनने का अनुभव -

उद्यम संवाद कार्यक्रम में सिरोंज क्षेत्र के पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राही श्री कपिल रजक ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक बेहतर पहल है, जिससे छोटे व्यवसाय शुरू करने और उन्हें आगे बढ़ाने में काफी मदद मिल रही है। श्री कपिल रजक ने बताया कि उन्होंने अपने घर पर इलेक्ट्रिशियन से संबंधित कार्य की एक छोटी सी दुकान शुरू की थी। व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत 10 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया। समय पर ऋण चुकाने के बाद उन्हें 20 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि 20 हजार रुपये का ऋण भी उन्होंने सफलतापूर्वक चुका दिया है और अब उन्होंने 50 हजार रुपये के ऋण के लिए आवेदन किया है। उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से प्राप्त ऋण राशि से उनके छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने में काफी मदद मिली है। योजना ने उन्हें अपने व्यवसाय को मजबूत करने और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया है।

विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की दी गई जानकारी -

कार्यक्रम में उपस्थित उद्यमियों को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, संत रविदास योजना, भगवान बिरसा मुंडा योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पशुपालन विभाग द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई।

अधिकारियों द्वारा योजनाओं के पात्रता मापदंड, आवेदन प्रक्रिया, ऋण एवं अनुदान संबंधी प्रावधान तथा उपलब्ध अन्य सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। उद्यमियों से कहा गया कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभाग से संपर्क कर योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

सफल उद्यमियों ने साझा किए अनुभव -

संवाद के दौरान सफल उद्यमियों जिनमें श्री सोनू मालवीय, श्री अशोक शर्मा, श्री अंकुर जैन, श्रीमती रामकली प्रजापति, श्रीमती कौशल्या शाक्य ने अपने व्यवसाय स्थापित करने से लेकर उसे आगे बढ़ाने तक के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि शासन की स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से उन्हें आर्थिक सहायता, ऋण एवं अन्य आवश्यक सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे वे अपना व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सके। सफल उद्यमियों के अनुभवों से उपस्थित युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसरों की जानकारी मिली।

मौके पर किया समस्याओं का त्वरित निराकरण -

उद्यम संवाद में उपस्थित उद्यमियों ने स्वरोजगार एवं व्यवसाय संचालन से संबंधित अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा समस्याओं को सुना गया तथा अनेक प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने उद्यमियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए लंबित कार्यवाही को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की भावना के अनुरूप शासन की स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी को सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाने, उनकी समस्याओं का समाधान करने तथा युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।