महिलाओं को सुरक्षित वातावरण में आवश्यक सहायता, परामर्श एवं सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित वन स्टॉप सेंटर-1 छावनी का जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट और सांसद श्री शंकर लालवानी ने निरीक्षण किया। इस मौके पर पार्षद सुश्री पंखुड़ी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री रजनीश सिन्हा भी मौजूद थे। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं, उपलब्ध सुविधाओं तथा महिलाओं को प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी ली और केंद्र की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान केंद्र का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट और सांसद श्री शंकर लालवानी ने केंद्र में महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, उनके ठहरने की व्यवस्था, सहायता एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने केंद्र में आने वाली महिलाओं को उनकी परिस्थितियों को समझते हुए संवेदनशीलता और तत्परता के साथ आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने वन स्टॉप सेंटर की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संकट की स्थिति में केंद्र पर पहुंचने वाली महिलाओं को सुरक्षित एवं भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। महिलाओं को आवश्यकता के अनुसार परामर्श, सहायता एवं संबंधित सेवाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को प्रभावी एवं संवेदनशील बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान केंद्र से संबंधित समस्याओं एवं आवश्यकताओं की भी जानकारी ली गई। जनप्रतिनिधियों ने प्राप्त समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वन स्टॉप सेंटर महिलाओं के लिए सहायता और संबल का महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां आने वाली प्रत्येक महिला को सम्मानजनक व्यवहार, सुरक्षित वातावरण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।

