सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी शाखा श्योपुर द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर को संबोधित करते हुए आयुक्त नगरीय विकास, आवास श्री संकेत भोडवे ने कहा कि श्योपुर में रक्तदान के प्रति जिस प्रकार की जागरूकता है, वह प्रशंसनीय है, श्योपुर जिले में रक्तदान के प्रति आम लोगों में जागरूकता प्रेरणा का विषय है, जिस प्रकार यहां लोग रक्तदान के लिए सदैव तत्पर रहते है और ब्लड बैंक में डिमांड के अनुसार कभी कमी नही आने देते, इसके लिए श्योपुर के लोग न केवल बधाई के पात्र है, बल्कि उनका यह संकल्प रक्तदान के लिए प्रेरित करने वाला है।

जिला चिकित्सालय के सभागार में आयोजित उक्त कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा, सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल, अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शशांक भूषण, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग, पूर्व विधायक श्री दुर्गालाल विजय एवं श्री बृजराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्री महावीर सिंह सिसौदिया, श्री कैलाशनारायण गुप्ता, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री नीरज जाट, भाजपा जिला महामंत्री श्री संजय अकोदिया, रेडक्रॉस चेयरमैन श्री अमित सूद, सचिव श्री दिनेश दुबोलिया, सांसद प्रतिनिधि श्री सुजीत गर्ग, एसडीएम श्री गगन मीणा, नगर मंडल अध्यक्ष श्री संजय मंगल, सीएमएचओ डॉ दिलीप सिकरवार, सिविल सर्जन डॉ एसएन बिंदल, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ आरबी गोयल, श्री महावीर गुप्ता सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी, पार्षदगण, रक्तदाता तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहें।

सेवा संकल्प अभियान के लिए शासन की ओर से श्योपुर जिले के लिए नामांकित नोडल अधिकारी आयुक्त नगरीय विकास एवं आवास श्री संकेत भोडवे ने कहा कि रक्तदाताओं के माध्यम से श्योपुर जिले के थैलेसिमीया से पीडित बच्चों को नियमित रूप से ब्लड चढाने की जो व्यवस्था बनाई गई है, वह अत्यन्त ही प्रेरणादायी है।

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि यूं तो सभी दान श्रेष्ठ है लेकिन रक्तदान सर्वश्रेष्ठ दान है। रक्त की कमी से जूझते मरीज को आप के द्वारा दान किए रक्त से ही नया जीवन प्राप्त होता है। रक्त के इस सर्वश्रेष्ठ दान को जीवनदान भी कहा जाता है। उन्होंने रक्तदान शिविरों का आयोजन करने वाली सभी संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान जागरूकता अभियान से जुडी सभी संस्थाएं और व्यक्ति मानवता के लिए कार्य कर रहे है।

भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शशांक भूषण ने कहा कि आज से 21वर्ष पूर्व शुरू हुए रक्तदान शिविर ने जिले में आंदोलन का स्वरूप ले लिया है और अनवरत चल रहा है यह ज़िले के लिए गौरव की बात है, उन्होंने रक्तदान शिविरों की सभी आयोजक संस्थाओं के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को इस पुण्य कार्य के लिए बधाई दी।

उन्होंने कहा कि किसी को जीवनदान देने का आत्मिक सुख और पुण्य प्राप्त होता है वहीं नये रक्त के निर्माण से अपने स्वयं के स्वास्थ्य को भी लाभ मिलता है। आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस पर शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविरों का आयोजन मानवता की सच्ची सेवा है।

इस अवसर पर रक्तदान जागरूकता से जुडे श्री अरूण ओसवाल ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए बताया कि सभी के सहयोग एवं प्रयासों से ही श्योपुर ब्लड बैंक से वर्ष भर में 5000 से अधिक यूनिट रक्त की आपूर्ति संभव हो रही है। उन्होंने कहा कि 60 संस्थाएं रक्तदान के कार्य से जुडी हुई है तथा 70 ऐसे रक्तदाता है, जो प्रत्येक तीन महीने में रक्तदान करते है। इस अवसर पर रक्तदाताओं को ब्लड बैंक की ओर से प्रशस्ती पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विजयपुर में हुआ 30 यूनिट रक्तदान

सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र विजयपुर में आयोजित रक्तदान शिविर में 30 रक्तदाताओं द्वारा 30 यूनिट रक्तदान किया गया। इस अवसर पर बीएमओ डॉ राघवेन्द्र कर्ण, डॉ अशोक मीणा, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष श्री अखिलेश शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री शुभम मुदगल, श्री सौरभ जादौन, श्री दिव्यांश तिवारी आदि मौजूद रहें।