राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अवसर पर बाल रोग विभाग, एम्स भोपाल तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्य प्रदेश के सहयोग से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न स्वास्थ्यकर्मियों के लिए
पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाना और उनके ज्ञान को अद्यतन करना था।
पहली क्विज प्रतियोगिता 17 सितंबर 2026 को नवजात शिशु देखभाल इकाई (एनबीएसयू), गहन बाल चिकित्सा इकाई (पीआईसीयू), बाल रोग वार्ड, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) तथा विशेष चिकित्सा उपचार इकाई (एसएमटीयू) में कार्यरत पैरामेडिकल स्टाफ के लिए आयोजित की गई। इसमें कुल 390 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसी क्रम में 21 सितंबर 2026 को एनआरसी, एनबीएसयू, बाल रोग वार्ड एवं पीआईसीयू में पदस्थ चिकित्सा अधिकारियों के लिए दूसरी क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 62 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर डॉ. शिखा मलिक ने कहा कि कुपोषण का उपचार करना केवल चिकित्सक की जिम्मेदारी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुपोषण की रोकथाम के लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी और समुदाय आधारित हस्तक्षेप पर विशेष जोर देना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्तर पर प्रभावी प्रयासों से बच्चों का उचित पोषण सुनिश्चित किया जा सकता है, जो उनके स्वस्थ एवं संपूर्ण विकास की नींव है।


