‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ अभियान के तहत कोटा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए स्वच्छता संदेश आधारित सेल्फी प्वाइंट स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छता अभियान से जोड़ते हुए स्टेशन परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखने में उनकी सहभागिता बढ़ाना है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता का संदेश देने के साथ उन्हें अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत कोटा मंडल के रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों एवं अन्य रेल परिसरों में साफ-सफाई और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। यात्रियों एवं रेलकर्मियों को कचरा निर्धारित कूड़ेदान में डालने, गीले एवं सूखे कचरे को अलग रखने तथा रेल परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से स्टेशन एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने और ‘स्वच्छ रेल–स्वच्छ भारत’ के संकल्प में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की है।


