प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत बुधवार को जिले की 10 प्रमुख स्वास्थ्य संस्थाओं में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंची गर्भवती महिलाओं ने स्वास्थ्य जांच कराई और आवश्यक उपचार प्राप्त किया। शिविरों के सुचारू संचालन के लिए संबंधित संस्था प्रभारियों को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। साथ ही जिला स्तरीय कार्यक्रम अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल ने जिला चिकित्सालय में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल ने व्यवस्थाओं को देखा और गर्भवती महिलाओं को त्वरित राहत देने के उद्देश्य से उनके ई-टिकट जनरेट करवाए। इन टिकटों के माध्यम से महिलाएं चिन्हित निजी सोनोग्राफी सेंटरों पर जाकर पूरी तरह निःशुल्क सोनोग्राफी करा सकेंगी। मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पटेल ने बताया कि ई-टिकट जनरेट होने के बाद संबंधित महिला आगामी 7 दिनों की समयावधि के भीतर अपनी निःशुल्क सोनोग्राफी करवा सकती है। अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करना है।
