‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के अवसर पर राजगढ़ में जनभागीदारी और विकास के संकल्प का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। सांसद श्री रोडमल नागर ने कहा कि इस गरिमामय कार्यक्रम के अवसर पर राजगढ़ क्षेत्र के लिए यह सौभाग्य का अवसर है। क्षेत्रवासियों के सामूहिक प्रयासों से वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी।

आपने अपना एक दीपक चुनकर दिल्ली भेजा। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इस महत्वपूर्ण आवश्यकता को संज्ञान में लेकर इसे फास्ट ट्रैक पर रखा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का कार्य पूर्ण होना चाहिए। आने वाले कुछ ही दिनों में रामगंज मंडी से भोपाल के लिए ट्रेन का संचालन प्रारंभ होने वाला है। राजगढ़ में बनने वाला यह रेलवे स्टेशन क्षेत्र के गौरव का केंद्र बनने वाला है।

उन्होंने कहा कि कोटा में भी इतना बड़ा स्टेशन नहीं है।

सांसद श्री नागर ने कहा कि जिस आवश्यकता को क्षेत्र की जनता लंबे समय से महसूस कर रही थी, उसकी पूर्ति आदरणीय प्रधानमंत्री श्री मोदी ने की है। यह केवल एक रेल परियोजना नहीं, बल्कि जनता की आवश्यकता के प्रति सेवा और संकल्प की पूर्ति का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि परमात्मा आदरणीय प्रधानमंत्री जी को दीर्घायु प्रदान करें, जिससे वे इसी तरह देश की सेवा करते हुए भारत का गौरव रोशन करते रहें। इस सौगात के लिए हम सभी आदरणीय प्रधानमंत्री जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने हर क्षेत्र में विकास को नई दिशा दी

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम लोगों को एक साथ जोड़ने वाला कार्यक्रम है। यह आयोजन जनभागीदारी और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास के लिए अनेक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। आवास के क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने का कार्य हुआ है। इसी प्रकार सड़क, रेल, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दिया’ केवल दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोगों को साथ लेकर विकास और सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम है। जनभागीदारी से ही विकास के प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में सांसद श्री रोडमल नागर, विधायक राजगढ़ श्री अमर सिंह यादव, प्रमुख सचिव एवं सामाजिक न्याय विभाग की श्रीमती सोनाली पोंक्षे वायंगणकर, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित जिले के समस्त जिला अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर विकास, जनभागीदारी और सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम ने सामूहिक सहभागिता के माध्यम से क्षेत्र के विकास के प्रति प्रतिबद्धता को नई ऊर्जा प्रदान की।

रेलवे स्टेशन, जालपा माता मंदिर और मोहनपुरा डैम पर हुआ वृहद दीप प्रज्ज्वलन

एक दिया जला… और रोशनी फैलती चली गई

शाम ढली तो राजगढ़ ने जैसे अपनी एक अलग ही तस्वीर देखी। कहीं शासकीय भवन रोशनी से जगमगा रहे थे, कहीं देवालयों में श्रद्धा के दीप टिमटिमा रहे थे और कहीं हजारों दीपों की लौ एक साथ विकास की कहानी कह रही थी। रेलवे स्टेशन से जालपा माता मंदिर और मोहनपुरा डैम तक रोशनी की यह श्रृंखला केवल सजावट नहीं थी—यह जनभागीदारी, सेवा और संकल्प की साझा लौ थी।

एक दीप आशीर्वाद का था, एक दीप उम्मीद का, एक दीप विकास का… और इन सभी दीपों की रोशनी में आज ‘सेवा से संकल्प’ की नई यात्रा शुरू हुई। राजगढ़ ने दीप जलाए हैं—अब इन्हीं दीपों की रोशनी को सेवा के हर कदम तक पहुंचाने का संकल्प लिया है।

राजगढ़ जिले में 5 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए

राजगढ़ जिले में 5 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। इनमें ग्रामीण क्षेत्र की 622 ग्राम पंचायतों में 3 लाख 22 हजार दीपक तथा 14 नगरीय क्षेत्रों के 216 वार्डों में 1 लाख 43 हजार दीपक प्रज्वलित किए गए।