मेहनत, नवाचार और शासकीय योजनाओं का समुचित लाभ लेकर किसान अपनी कृषि गतिविधियों को व्यवसाय के रूप में विकसित कर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ सकते हैं। जिले की बीना तहसील के किसान एवं उद्यमी श्री राजकुमार साहू ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना का लाभ लेकर मसाला प्रसंस्करण एवं उत्पादन का व्यवसाय स्थापित किया है। इससे उन्हें अपनी आय बढ़ाने के साथ कृषि उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में सहायता मिली है।
श्री राजकुमार साहू ने खेती के साथ खाद्य प्रसंस्करण गतिविधि को अपनाते हुए ‘मसाला उत्पाद गोल्ड’ के अंतर्गत लाल मिर्च, हल्दी और धनिया के मसाला उत्पाद तैयार किए। उन्होंने व्यवसाय में नई तकनीक का उपयोग करते हुए कृषि उपज का प्रसंस्करण कर उसे मूल्यवर्धित उत्पाद के रूप में बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया। नई तकनीक और शासकीय योजना के सहयोग से उन्होंने अपने व्यवसाय को व्यवस्थित रूप दिया।
कृषि उपज के प्रसंस्करण से उत्पाद की उपयोगिता और बाजार मूल्य में वृद्धि हुई तथा उन्हें अपने उत्पादों की बिक्री के माध्यम से आय अर्जित करने का अवसर मिला। श्री राजकुमार साहू ने व्यवसाय से 2 लाख 50 हजार रुपये की आय अर्जित की, जबकि उनकी शुद्ध आय 1 लाख 30 हजार रुपये रही।
उनके लिए यह पहल कृषि को केवल उत्पादन तक सीमित न रखकर प्रसंस्करण और विपणन से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है।

