मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 11 सितम्बर को जिले के उदयपुरा विकासखण्ड अंतर्गत नगर परिषद देवरी में स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, नर्मदापुरम सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी तथा कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा की उपस्थिति में शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल, नर्मदापुरम सांसद श्री चौधरी तथा कलेक्टर श्री विश्वकर्मा द्वारा आमजन की समस्याओं, आवेदनों का निराकरण किया गया। शिविर में नगर परिषद अध्यक्ष श्री रविन्द्र रघुवंशी, स्थानीय जनप्रतिनिधी, एसपी श्री आशुतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी सहित अनेक जिला अधिकारी और विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहीं केंद्र सरकार की योजनाओं व मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में चल रही राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर हितग्राही तक पहुँचाना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके सरकार द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से शासन-प्रशासन द्वारा नागरिकों के पास पहुंचकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के साथ ही योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से देवरी में शासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ। अभियान में ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुनकर उनका त्वरित निराकरण करने की पहल की गई। शिविर में सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों, लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों का निराकरण किया गया। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शिविर में प्राप्त जानकारी के अनुसार 452 आवासीय पट्टे बनाएं गए तथा शेष आवासीय पट्टे के आवेदनों पर कार्यवाही की जा रही है। इसके साथ ही प्राप्त आवेदनों में से जिनका निराकरण मौके पर संभव था, उनका संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्काल निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के निराकरण के लिए कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर अनेक विभागों द्वारा स्टॉल लागकर योजनाओं की जानकारी दी गई।