सतपुड़ा की ऊंची पहाड़ियों के बीच बसा बड़ागांव, जो ग्राम पंचायत मोहपानी से करीब 14 किलोमीटर दूर स्थित है, जहां गांव तक पहुंचना आज भी आसान नहीं है। कहीं पथरीली चढ़ाई, संकरे रास्ते और कई जगह पैदल सफर ऐसे कठिन हालातों के बीच यहां रहने वाले परिवारों तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी किसी चुनौती से कम नहीं है।

इन्हीं परिवारों में से एक हैं श्रीमती लक्ष्मी भारिया पति श्री रामफल भारिया। कभी कच्चे मकान में गुजर-बसर करने वाला उनका परिवार बारिश, ठंड और गर्मी के मौसम में परेशानियों का सामना करता था। बरसात में घर से पानी टपकता था और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी।

श्रीमती लक्ष्मी भारिया के जीवन में बदलाव तब आया, जब वर्ष 2023-24 में पीएम जनमन योजनांतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत दो लाख रुपये की सहायता से उनके पक्के आवास को स्वीकृति मिली। कच्चे मकान से पक्के घर की ओर बढ़ता यह सफर आसान नहीं था, क्योंकि आवास निर्माण की सामग्री को बड़ागांव की पहाड़ियों तक पहुंचाना बड़ी चुनौती थी।

प्रशासन ने दुर्गम क्षेत्र के पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए। आधार कार्ड, बैंक खाते और ई-केवायसी जैसी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराकर लक्ष्मी सहित पात्र परिवारों को आवास योजना से जोड़ा गया।

जब रास्ते मुश्किल हुए, तो खच्चर बने विकास के साथी

बड़ागांव में सामान्य परिवहन साधनों की पहुंच नहीं थी। ऐसे में आवास निर्माण की सामग्री गांव तक पहुंचाने के लिए स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप रास्ता निकाला गया। सीमेंट, लोहा और अन्य सामग्री खच्चरों के सहारे पहाड़ी रास्तों से निर्माण स्थल तक पहुंचाई गई। जहां ईंट और गिट्टी पहुंचाना कठिन था, वहां स्थानीय स्तर पर ही उनकी व्यवस्था और निर्माण कराया गया। प्रशासनिक टीम, ग्रामीणों, श्रमिकों और हितग्राहियों के सामूहिक प्रयास से मुश्किल रास्ते आसान होते गए और पहाड़ की ऊंचाई पर पक्के आवास आकार लेने लगे।

एक घर नहीं, सुरक्षा और सम्मान की नई शुरुआत

आज श्रीमती लक्ष्मी भारिया का पक्का घर उनके परिवार के लिए सिर्फ एक भवन नहीं है। यह सुरक्षा, सम्मान और बेहतर जीवन की नई शुरुआत है। लक्ष्मी बताती हैं कि पहले कच्चे मकान में मौसम की मार और घर की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी। अब पक्का मकान बनने से परिवार सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में रह रहा है। घर में स्वच्छता, सुरक्षा और रहने की सुविधाओं में भी सुधार हुआ है। वह इस बदलाव के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करती हैं।