जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन 15 सितम्बर से प्रारंभ होकर 10 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। किसान निर्धारित सहकारी समिति केंद्रों, कियोस्क, सीएससी सेंटर, एमपी ऑनलाइन सेंटर एवं किसान एप के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकेंगे।

सभी किसानों को सूचित किया गया है कि वे पंजीयन से पूर्व अपने फार्मर आईडी में सभी खसरों की प्रविष्टि एग्रीस्टैक एप के माध्यम से अनिवार्य रूप से पूर्ण करवा लें। निर्धारित नीति के अनुसार एग्रीस्टैक एप के माध्यम से फार्मर आईडी में दर्ज खसरों की उपज का ही उपार्जन किया जाएगा। पंजीयन केंद्रों पर पृथक रूप से खसरा जोड़ने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।

किसानों को पंजीयन एवं भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अपने आधार नंबर से बैंक खाते एवं मोबाइल नंबर को लिंक करवाने की सलाह दी गई है। जिले के सभी पात्र किसान निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर अपना पंजीयन सुनिश्चित करें।