खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा उपार्जन के लिए किसान 15 सितम्बर से 10 अक्टूबर तक पंजीयन करा सकते हैं। किसानों की सुविधा को देखते हुए किसान स्वयं अपने मोबाइल से भी घर बैठे पंजीयन कर सकते हैं। जिसके लिए शासन द्वारा किसानों के लिए निःशुल्क और सशुल्क दोनों प्रकार की पंजीयन व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

किसानों को पंजीयन कराने लिए ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत तथा तहसील कार्यालयों के सुविधा केंद्रों के साथ सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केंद्रों तथा एम.पी. किसान एप के माध्यम से निःशुल्क सुविधा प्रदान की गई है।

इसके अतिरिक्त, किसान अपनी सुविधा अनुसार एम.पी. ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर कियोस्क, लोक सेवा केंद्रों तथा निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे पर जाकर सशुल्क पंजीयन करा सकते हैं। सिकमी, बटाईदार एवं वन पट्टाधारी किसानों के लिए पंजीयन की सुविधा केवल निर्धारित सहकारी समिति एवं सहकारी विपणन संस्था स्तर पर ही उपलब्ध रहेगी।

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने जिले के सभी किसानों से आग्रह किया है कि वे समर्थन मूल्य पर अपनी उपज का विक्रय करने के लिए निर्धारित समयावधि के भीतर अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीयन अवश्य कराएं।