सहायक संचालक मत्स्योद्योग जिला छिंदवाड़ा ने बताया गया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत केंद्रीय स्तर की उप-योजना प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना का अनुमोदन किया गया है। योजना का क्रियान्वयन किया जाना है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए भारत सरकार द्वारा विकसित नेशनल फिशरीज डिजिटल प्लेटफार्म (एनएफडीपी) पर इच्छुक मछुआरे, मत्स्य किसान, मत्स्य विक्रेता एवं मत्स्य उद्यमी अपना पंजीयन करवाकर इसी प्लेटफार्म पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

एनएफडीपी प्लेटफार्म पर प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना के अंतर्गत ऋण सुविधा, मत्स्य सहकारी समितियों का सशक्तिकरण, जलीय कृषि बीमा, प्रदर्शन अनुदान, ट्रैसेबिलिटी, प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण इत्यादि गतिविधियां सम्मिलित हैं।

जिला छिंदवाड़ा में योजना के क्रियान्वयन के लिए ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। विकासखंड बिछुआ के ग्राम गुमतरा में 27 सितंबर 2026 एवं विकासखंड परासिया के ग्राम भाजीपानी में 28 सितंबर 2026 को पंजीयन हेतु शिविर आयोजित किया जायेगा। सभी मछुआरे एवं मत्स्य पालक शिविर में उपस्थित होकर अधिक से अधिक पंजीयन कराएं तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन करना सुनिश्चित करें।

इसके साथ ही योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर से संपर्क कर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। योजना के संबंध में अधिक जानकारी के लिए राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड के टोल फ्री नंबर 1800-425-1660 पर सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 9.30 बजे से शाम 8.00 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।