राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशन में संचालित मेगा ड्राइव जागरूकता अभियान के तहत ग्राम हातौद में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत मानव-वन्यजीव संघर्ष के पीड़ितों को न्याय तक पहुंच सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से ‘नालसा योजना 2025’ के तहत शासकीय प्राथमिक विद्यालय हातौद में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में अधिकारियों द्वारा स्कूली बच्चों को वन्य जीवों से सुरक्षा और संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। शासकीय प्राथमिक विद्यालय हातौद में आयोजित विधिक साक्षरता शिविर के दौरान उपवन मंडल अधिकारी शिवपुरी श्री शैलेंद्र सिंह तोमर द्वारा उपस्थित छात्रों को वन्य जीवों के संरक्षण एवं उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

उन्होंने बच्चों को जंगली जानवरों से बिना डरे, लेकिन पूरी सावधानी के साथ व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जो बच्चे वन्य जीवों के भय के कारण नियमित रूप से विद्यालय नहीं आ पा रहे थे, उनसे संवाद कर उनका डर दूर किया गया और उन्हें नियमित रूप से स्कूल जाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

वृहद वृक्षारोपण हेतु किया गया स्थल निरीक्षण नालसा मेगा जागरूकता अभियान की श्रृंखला में वन विभाग की टीम द्वारा ग्राम हातौद में प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम हेतु भूमि/स्थल का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी, उपवन मंडल अधिकारी श्री शैलेंद्र सिंह तोमर ने उपस्थित वन विभाग के मैदानी अधिकारियों को उपयुक्त स्थान का अंतिम चयन करने तथा पौधरोपण हेतु गड्ढे खोदने, सुरक्षा एवं सिंचाई जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

शिक्षा योजना के तहत लाईब्रेरी की स्थापना एवं खिलौने वितरित अभियान के क्रम में 'नालसा शिक्षा योजना 2026' के तहत शासकीय प्राथमिक विद्यालय हातौद में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी द्वारा उपस्थित बच्चों को योजना की बारीकियों से अवगत कराया गया।

इस दौरान बच्चों के बौद्धिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय में एक लाईब्रेरी की स्थापना की गई, साथ ही छात्र-छात्राओं को खिलौने वितरित किए गए। सचिव द्वारा मैत्रीपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में बच्चों से सीधा संवाद कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने हेतु प्रेरित किया गया।

उपस्थित अधिकारीगण आयोजित कार्यक्रमों के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी, उपवन मंडल अधिकारी श्री शैलेंद्र सिंह तोमर, संबंधित शासकीय विद्यालय के शिक्षकगण, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।