अजयगढ़ एसडीएम आलोक मार्को द्वारा टीम के साथ शनिवार को मझगांय मध्यम सिंचाई परियोजना अंतर्गत ग्राम बालूपुर में विस्थापित परिवारों की नवीन बस्ती का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विद्युत सप्लाई व्यवस्था ठीक करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही आंगनबाड़ी और स्कूल के लिए भी शासकीय भूमि चिन्हांकित की गई। बांध के रिसाव को रोकने के लिए जल संसाधन विभाग को शीघ्र ड्रेनेज निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए निर्देशित किया गया।
इसके अलावा 43 विस्थापित परिवारों के लिए स्वीकृत साढ़े 7 लाख रूपए की अतिरिक्त पुनर्वास राशि की सूची का ग्रामीणों के समक्ष वाचन किया गया। इस दौरान शेष परिवारों से सहमति पत्र व संयुक्त खाता तत्काल सचिव और रोजगार सहायक को देने का आग्रह किया गया, जिससे निर्धारित राशि का भुगतान अविलंब बैंक खातों में किया जा सके।

