विकासखंड वारासिवनी के ग्राम देवगांव में 23 सितंबर को ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी द्वारा किसानों के खेतों का भ्रमण कर धान फसल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान धान की फसल में कीट एवं व्याधि से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया गया तथा फसल की स्थिति की जानकारी ली गई।निरीक्षण के दौरान धान फसल में दिखाई दे रहे कीट एवं रोग के लक्षणों का अवलोकन कर किसानों को इनके प्रभावी प्रबंधन के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। कृषि विभाग के मैदानी अमले ने किसानों को फसल की नियमित निगरानी करने तथा कीट एवं रोग के प्रारंभिक लक्षण दिखाई देने पर समय रहते उचित नियंत्रण उपाय अपनाने की सलाह दी।
किसानों को धान फसल में कीट एवं व्याधि के प्रभाव को कम करने के लिए उचित कवकनाशक एवं कीटनाशक के चयन और उनके निर्धारित मात्रा में उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार ही कृषि रसायनों का प्रयोग करने तथा अनावश्यक रूप से दवाओं का छिड़काव नहीं करने के लिए भी समझाइश दी गई।कृषि विभाग द्वारा किसानों से अपील की गई कि वे अपने खेतों में धान फसल की नियमित निगरानी करते रहें और कीट या रोग का प्रकोप दिखाई देने पर तत्काल संबंधित कृषि अधिकारी अथवा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर उचित प्रबंधन की जानकारी प्राप्त करें।

